Showing posts with label freedom from stress in hindi. Show all posts
Showing posts with label freedom from stress in hindi. Show all posts

Monday, November 5, 2012

बसंत मौसम का व्यायाम

युवतियां फिट रहने के लिए कर रहीं है पार्को का रुख

सर्दी अलविदा कहने को है और बसंत ऋतु का आगाज हो चुका है। दिन भर काम में व्यस्त रहने वाली ग‌र्ल्स व युवतियां फिट रहने के लिए अब शामिल होने लगी है योग की टोली में। मोतीझील, विश्नोई पार्क गीता नगर, मॉडल टाउन, जे.के. मंदिर, संजय उपवन, नानाराव पार्क, सीएसए ग्राउंड व शहर के अन्य घूमने वाले ठिकानों में सुबह पांच बजे से ही गूंजने लगते है, युवतियों के ठहाके। योग महिलाओं के लिए संपूर्ण व्यायाम ही नहीं, सौंदर्य बरकरार रखने का अच्छा विकल्प भी है।

खूबसूरती रहेगी बरकरार

शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ ही योग खूबसूरती को भी निखारता है। सौंदर्य उत्पादों के बिना यदि आप खूबसूरत दिखना चाहती हैं, तो योग अवश्य करें। रिंकल्स, डार्क सर्कल्स और डल स्किन से छुटकारा दिलाने का योग अच्छा माध्यम है। आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. योगेश द्विवेदी बताते है, ''रोजाना 15 मिनट योग करने से त्वचा में कसाव बना रहता है। हार्मोस और खून में ऑक्सीजन की मात्रा का संतुलन रखने के लिए हेल्दी डाइट जरूरी है। इसके साथ अगर योग को भी रुटीन में शामिल किया जाए तो आपको अधिक उम्र तक फिट रहने से कोई नहीं रोक सकता। बसंत का मौसम सर्दी और गर्मी के मध्य का मौसम होता है। इन दिनों शुरू किया गया योग या व्यायाम बहुत असरकारी होता है।''

तनाव से मुक्ति

योग कामकाजी लोगों के फिट और तनावमुक्त रहने के लिए बहुत कारगर है। एक कंपनी में कार्यरत महिमा द्विवेदी बताती है, ''सर्विस ऐसी है कि कस्टमर्स को डील करने और ऑफिस आने-जाने में थकान हो जाती थी। ऐसे में ऑफिस की टेशन घर पर निकलती थी। कड़ाके की ठंड होने के कारण घर पर ही योग करती थी। सवेरे जल्दी उठने और ध्यान व प्रणायाम करने के बाद मुझे महसूस हुआ कि मैं काफी हद तक तनाव से बाहर आ गई हूं। मौसम अच्छा हुआ है, इसलिए जे. के. मंदिर जाकर योग और जॉगिंग करती हूं।''

जिम जाने की झंझट नहीं

योग केवल मन-मस्तिष्क को शांत ही नहीं रखता, बल्कि फिटनेस भी बरकरार रखता है। कई ऐसी महिलाएं है, जो फिट तो रहना चाहती हैं, लेकिन जिम में भारी-भरकम वजन नहीं उठाना चाहतीं या घर से बाहर जाने का आलस्य रहता है। योग उनके लिए फिटनेस का बेहतर विकल्प है। मोतीझील में पिछले डेढ़ साल से योग कर रही स्टूडेंट सोनाली सिंह कहती है, ''फिट रहना चाहती हूं, लेकिन फिटनेस सेंटर जाकर वजन उठाना और पसीना बहाना मुझसे नहीं हो पाता। मैं योग की शरण में हूं। इसने मुझे फिट रहने के साथ-साथ खुशमिजाज भी बना दिया है। जिम जाकर आप फिट तो रह सकते हैं, लेकिन योग फिटनेस के साथ तनाव मुक्त रहने के गुण भी बताता है।''